www.HindiDiary.com: नेता
Results for " नेता "

कारगिल लड़ाई के 10 वर्ष : हमें चाहिये मुशर्रफ जैसे लीडर


आज पाकिस्तान द्वारा भारत पर थोपे गये कारगिल की लड़ाई की 10वीं वर्षगांठ है। अमर शहीद सैनिकों और
General Musharraf
उनके अफसरों की बहादुरी और कुशलता और शहादत को भल कौन भारतीय भुला सकता है? 

कैप्टन सौरभ कालिया, कैप्टन विक्रम बत्रा, कैप्टन विजय थापर, कर्नल वांगचुक, मेजर बलवंत सिंह, हवलदार योगेंद्र सिंह यादव, तोपखाने के कई कई वीर सपूतों ने अपनी जान देकर भारत का मान रखा। 

बिलकुल सीधी चढ़ाई चढ़ते हुये दुश्मन का मुकाबला विरले वीर, साहसी और जीवट के पक्के सैनिक ही कर सकते हैं। और इस तरह की लड़ाई को जीतना वास्तव में एक अनोखी गौरव गाथा है। 

कारगिल में वीरता की इतनी कहानियां लिख गईं हैं जो सदियों तक कही जाती रहेंगी। 


लेकिन सैनिकों के इस वीरता पूर्वक कारनामे को नमन करने के वावजूद उस समय के खलनायक मुशर्रफ को एक दूसरी ही वजह से याद कर रही हूं। 

पहली वजह से तो वो पिटने लायक है और भर्त्सना के लायक है। लेकिन दूसरी वजह है उसका चाणक्य की नीतियो पर चलते हुये जबर्दस्त रणनीतिकार होना। 

आखिर ये उसी के दिमाग की उपज थी कि भारत की सोती हुई सेना को पता ही नहीं चला कि उनकी खाली की हुई चौकियों पर पाकिस्तानी घुसपैठियों (छद्म सैनिक) ने कब्जा कर लिया और जो लड़ाई हुई उसमें भारत के वीर जवाव तो हताहत हुये ही, भारत की रक्षा तैयारियों का भी जायजा लिया गया, कश्मीर समस्या पर दुनिया का ध्यान भी खींच लिया और साथ ही पाकिस्तान की लोकतांत्रिक सरकार को भी फंसा दिया। 

यानी की एक तीर से कई शिकार। 

मुशर्रफ और वहां की सेना चाणक्य की नीतियों पर चल कर गुप्त और छद्म गतिविधियां करके अपने दुश्मन (भारत) तो हमेशा परेशान करते रहते हैं और भारत को कभी चैन से नहीं बैठने देते हैं। 



क्या हमें ऐसा नेता नहीं चाहिये जो इस तरह से अपने दुश्मनों के परेशान करता रहे? क्या हमें ऐसे लीडर नहीं चाहिये जो रणनीतिक तौर पर दूर की सोंचे और कार्यवाही करें। 

अभी हाल ही में चीन के एक प्रांत में दंगा हो गया तो वहां के राष्ट्रपति ने तुरंत चेतावनी दे दी कि कोई दखलंदाजी न करे वर्ना अच्छा नहीं होगा, तो क्या हमें ऐसे नेता नहीं चाहिये जो दुनिया में आंखों में आंखे डाल कर अपनी बात कह सकें? 

यहां तो हालत ये है कि इन्ही मुशर्रफ साहब को एक नेता ने अपने यहां बिना बात के न्यौत लिया और एक नेता ने लिखित में मान लिया कि भारत बलूचिस्तान में गड़बड़ियों मे शामिल है। 

आखिरी बार इस तरह की कुछ खूबियों वाला लीडर इंदिरा गांधी के रूप में जरुर मिला था। वैसे भारत को प्रभावशाली नेता काफी लंबे समय से नहीं मिले हैं। 

याद कीजिये कृष्ण, समुद्रगुप्त, चंद्रगुप्त, अशोक, शेरशाह सूरी, अकबर जैसे कितने नाम हैं भारत में जो गिने जा सकते हैं। हम भारतीय सब प्रकार से सक्षम हैं, सबसे अच्छे हैं बस अच्छे नेतृत्व से वंचित हैं।

आज भी कारगिल की दसवीं वर्षगांठ पर नेता गायब हैं।

Manisha रविवार, 26 जुलाई 2009

15वीं लोकसभा चुनाव परिणाम – कुछ आंकलन


15वीं लोकसभा चुनावों के परिणाम कल आ चुके हैं और संप्रग को वापस से सरकार बनाने के लिये मतदाताओं द्वारा चुना गया है। आने वाले कई दिनों में राजनीतिक विश्लेषक और राजनीतिज्ञ अपने – अपने विश्लेषण और निष्कर्ष निकालते रहेंगे और ऐसे समय में आम आदमी भी अपने हिसाब से कुछ सोचता है। 

मेरा भी इन लोकसभा चुनावों के परिणामों को लेकर कुछ आंकलन  है। 


vote counting
  
 
  1. मंहगाई जनता कितनी ही परेशान क्यों न हो, किसी भी चुनाव में मंहगाई को मुद्दा नहीं होती है।
  2. आतंकवाद भी इस देश में कोई मुद्दा नहीं है।
  3. मंदिर-मस्जिद, हिदु-मुस्लिम, मेरी जाति-तेरी जाति और आरक्षण की राजनीति के दिन पूरे हो गये हैं अब लोगों को विकास चाहिये, इसलिये इस बार वो दल अपने-अपने यहां जीत गये जो विकास के नाम की राजनीति कर रहे हैं। अब जनता को विकास चाहिये, जो विकास करेगा वो दुबारा जीतेगा। विकास को भूलकर खाली जातिवादी राजनीति और आरक्षण के झुनझुने पकड़ाने वाले नेता हार गये या फिर हाशिये पर आ गये हैं। 
  4. इंटरनेट द्वारा या बहुत हाई-फाई चुनाव प्रचार किसी काम का नहीं है। जनता चाहती है कि नेता परंपरागत रुप से उनसे रुबरु होकर वोट मांगे। इंटरनेट भ्रमण करने वाले और एसएमएस पाने वाले लोग वोट डालने नहीं निकलते हैं खासकर गर्मियों में, अगर चुनाव सर्दियों में हो तो फिर भी निकल सकते हैं।
  5. भाजपा जिसे पहले शहरी पड़े-लिखे मध्यम वर्ग की पार्टी कहा जाता था, शहरों में ही सबसे ज्यादी हारी है। इसका मतलब है कि भाजपा की नीतियां मध्यम वर्ग को समझ नहीं आ रही हैं। 
  6. भाजपा जीतने के लिये किसी भी प्रकार के समझौते को तैयार थी, इसका उदाहरण महा भ्रष्ट नीरा यादव को केवल कुछ वोटों के लालच में अपने दल में शामिल करने का है। 
  7. भाजपा में काफी लोग अपनी ही पार्टी को हराने के लिये काम करते है।
  8. पुराने एक ब्लॉग पोस्ट में मैंने कहा था कि भारत में सफल नेता बनने  लिये भारत को जानना जरुरी है और इसके लिये सघन भारत भ्रमण जरुरी है। इससे जमीनी स्तर की जानकारी मिलती है राहुल गांधी पिछले कुछ समय से ऐसा ही कर रहे हैं और उनका इसका फायदा मिल रहा। इसके विपरीत भाजपा के अधिकांश नेता और कुछ कांग्रेसी भी टीवी चैनलों की बहस में भाग लेकर अपनी नेतागिरी चमकाते हैं और असली चुनाव में नाकाम रहते हैं।
  9. अब विकास की राजनीति के दिन हैं खाली विचारधारा की बात करके या उर्दू लागू करके, बाबरी मस्जिद की बात छेड़के आप वोट नही पा सकते।
  10. भाजपा को अपने आप को नैतिक रुप से और विचारधारा से सबल बनाना चाहिये सफलता अपने आप मिल जायेगी। अगर भाजपा और पार्टियों जैसा ही आचरण करेगी तो लोग असली पार्टी को ही वोट देगें न कि भाजपा को। 
  11. कांग्रेस ने नये लोगों को काफी मौका दिया और इसका फायदा उसे मिला है।
  12. कांग्रेस को मीडिया का काफी सहारा मिला। मीडिया द्वारा भाजपा की बातों को उछालना और छोटे दलों की ब्लैकमेलिंग के खिलाफ महौल बनाना कांगेस को फायदा दे गया।
  13. भाजपा को मीडिया को मैनेज करना नहीं आता, अधिकांश भाजपाई अंग्रेजी समाचार चैनलों पर अंग्रेजी में बात करते हैं और जो चैनल भाजपा और हिन्दुवादियों का मजाक बनाते हैं उन्हीं पर भाजपाई ज्यादा मेहरबान रहते हैं और अपना नुकसान कराते हैं।

Manisha रविवार, 17 मई 2009

गणित का प्रश्न : राजनीति में कौन किसके साथ है?


आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक दांव-पेंच, उठा पटक और आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। आम मतदाता के लिये भ्रम की स्थित बन रही है। आइये देखिये कि क्या स्थिति है : 

Indian Parliament भारतीय संसद

  •  समाजवादी पार्टी की कहना है कि भाजपा और बसपा मिले हुये हैं।
  • बसपा का कहना है कि कांग्रेस, सपा और भाजपा मिले हुये हैं।
  • भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस के इशारे पर बसपा वरुण गांधी पर रासुका लगा रही है।
  • मुलायम सिंह यादव की समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस से बिना समझौते के अलग चुनाव लड़ रही है लेकिन संयुक्त प्रगतिशील मोर्चे (संप्रग - UPA)  को उसका समर्थन है और उसका कहना है कि देश में धर्मनिरपेक्षी सरकार बिना कांग्रेस के नही बन सकती। 
  • लालू प्रसाद यादव और रामविलास पासवान के दल बिहार में कांग्रेस को हटाकर अलग से चुनाव लड़ रहे हैं लेकिन संप्रग  के घटक दल हैं।
  • लालू प्रसाद यादव और रामविलास पासवान के दल संप्रग  के घटक दल  हैं लेकिन मुलायम सिंह यादव के साथ मिलकर एक नया चौथा मोर्चा भी बना लिया है
  • अन्नाद्रमुक की जयललिता कांग्रेस के साथ जाना चाहती हैं और भाजपा को खुश करने के लिये कुछ कुछ हिन्दुत्व समर्थक बयान भी जारी कर देती हैं।
  • शरद पवार का दल संप्रग  का घटक दल है लेकिन वो खुद भी प्रधानमंत्री बनना चाहते है
  • वामपंथी दल अब संप्रग  के घटक दल नहीं हैं, अलग से चुनाव लड़ रहे हैं लेकिन चुनावों के बाद परिस्थितियों को देखते हुये सरकार में शामिल हो सकते हैं।
  • मायावती की पार्टी तीसरे मोर्चे के साथ भी है और देश भर में अकेले चुनाव भी लड़ रही है।


मेरी तो समझ में नही आ रहा कि कौन किसके साथ है?  कोई बता सकता है कि कौन सी पार्टी किस से मिली हुई है और किसके विरोध में है। यह एक गणित का प्रश्न का बन गया है कि राजनीति में कौन किसके साथ है।

Manisha रविवार, 4 जनवरी 2009